भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय
- फोटो : Amar Ujala
सिद्धार्थनगर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने नगरों में बेहतर आवागमन, अच्छे पार्क, साफ-सफाई की सुदृढ़ व्यवस्था के अलावा फुटकर व पटरी दुकानदारों के नई नीति बनाने का वादा किया है। जिला जेल के सामने मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी और सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि भाजपा के नेतृत्व में निकाय पार्टी के संकल्प पत्र के अनुसार जनता को सेवा दे। उन्होंने सपा-बसपा पर तंज भी कसे। बिना नाम लिए पूर्व नगरीय विकास मंत्री आजम खां को उल्टी खोपड़ी का व्यक्ति कहा।
तय कार्यक्रम से करीब दो घंटे विलंब से पहुंचे डॉ. महेंद्रनाथ ने कहा कि वर्ष 2002 के बाद से यूपी में लूट-खसूट का राज था। नगर निकायों के पैसों का दुरुपयोग हुआ है। अब परिस्थितियां बदली हैं। केंद्र में मोदी और प्रदेश में योगी के नेतृत्व में भाजपा की साफ-सुथरी छवि की सरकार काम कर रही है। देश-प्रदेश तेजी से प्रगति की राह पर बढ़ रहा है। चुनाव जीतने के लिए विपक्ष के पास जाति-धर्म का गणित बैठाने के अलावा कोई मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि निकायों में भाजपा की जीत के बाद हर नगर में काजी हाउस की व्यवस्था का पुनर्गठन करते हुए घुमंतू पशुओं को चारा-पानी की सुदृढ़ व्यवस्था होगी। फुटकर, पटरी व खोमचा दुकानदारों को नीति बनाकर पुलिसिया उत्पीड़न से बचाने और सुचारु व्यवसाय के अवसर दिए जाएंगे।
नगरों में शौचालय निर्माण की धनराशि 4 हजार से बढ़कर 20 हजार रुपये की जाएगी। सीएचसी-पीएचसी को गरीब बस्तियों से जोड़ेंगे, जिससे वहां रहने वालों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सके। उन्होंने देश-प्रदेश की तरह निकायों में भी साफ-सुथरी सरकार देने का वादा किया। जनसंघ के जमाने से सिद्धार्थनगर से अपने जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि शुरू से ही यह भाजपा की मजबूत भूमि रही है। इस बार भी जिले की हर निकाय में भाजपा प्रत्याशी को जीत दिलाएं। सभा में क्षेत्रीय अध्यक्ष उपेंद्र दत्त शुक्ल, जिलाध्यक्ष रामकुमार कुंवर, सांसद जगदंबिका पाल, विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, डॉ.सतीश द्विवेदी, श्यामधनी राही, प्रत्याशी श्याम बिहारी जायसवाल, अजय श्रीवास्तव, मंजू जायसवाल, बबिता कसौधन, सुनील अग्रहरि सहित क्षेत्रीय मंत्री गोविंद माधव, दिलीप चतुर्वेदी, दीपक मौर्य, केशभान राय, राजेंद्र पांडेय, लालजी शुक्ल, रमेश गुप्ता, लवकुश ओझा आदि मौजूद रहे। संचालन राजेश त्रिपाठी ने किया।