संवाद न्यूज एजेंसी
इटवा। स्थानीय क्षेत्र के गैस उपभोक्ताओं की परेशानी दूर नहीं हो पा रही है। सुबह घर से निकले उपभोक्ताओं को कड़ी धूप में गैस एजेंसी के सामने लाइन में लगकर दोपहर बाद अनापत्ति प्रमाणपत्र लेने पर गैस सिलिंडर मिल पा रहा है।
ऐसा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 और शहरी क्षेत्रों में 25 दिन के बजाए क्षेत्र के उपभोक्ताओं को 63 दिन पर यह एक गैस सिलिंडर मिल रहा है।
मामला इटवा कस्बे के गैस एजेंसी का है। यहां उपभोक्ता गैस बुक करने के 45 दिन बाद से ही गैस एजेंसी में दौड़ लगाना शुरू कर दे रहे हैं। नगर पंचायत इटवा के द्वारका नगर वार्ड निवासी चिनकाऊ दुबे कहते हैं कि बुधवार को मैं एजेंसी पर जानकारी लेने आया था तो बताया गया कि अभी जिन उपभोक्ताओं का 45 दिन 23 अप्रैल को पूरा हुआ है, उन्हें दिया जा रहा है। मदरहवा निवासी अलीम कहते हैं कि 45 दिन पर ही गैस बुक हो पाती है। उसके 18 दिन बाद गैस एजेंसी के सामने कड़ी धूप में लाइन में लगकर एजेंसी कर्मियों से सिलिंडर पाने के लिए मौखिक में वाहन चालक का नाम व लिखित में देने की अनुमति (प्रतीक चिह्न) लेना पड़ रहा है।
एजेंसी के जिम्मेदार दाम होम डिलीवरी का वसूल रहे हैं, लेकिन उपभोक्ताओं को खुद पांच किमी दूर जाकर घंटों चिलचिलाती धूप में अनुमति पत्र पाने और सिलिंडर के लिए कतार में जूझना पड़ रहा है। संवाद