सिद्धार्थनगर। कपिलवस्तु पुलिस और प्रशासन ने गैंगस्टर मुकीम की अपराध से अर्जित 17.50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है। मुकीम अमेठी जनपद के मुसाफिर थानाक्षेत्र के कोटवा गांव का रहने वाला है।
ट्रक चोरी के एक मामले में अमेठी के तीन, सुल्तानपुर का एक और महराजगंज के दो आरोपी पकड़े गए थे। पुलिस के मुताबिक मुकीम ही गैंग लीडर था। डुमरियागंज में हुई ट्रक चोरी के मामले में मोहाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 14 जून 2023 को ट्रक के पार्ट एक डीसीएम से बरामद किए थे और छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
डीसीएम मोहाना पुलिस ने कब्जे में ले लिया था और इस मामले में गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। जांच में पता चला कि डीसीएम अमेठी के मो. मुकीम का है।
नायब तहसीलदार विजय श्रीवास्तव और मामले की जांच कर रहे कपिलवस्तु कोतवाल अनुज कुमार सिंह ने मुकीम का 17.50 लाख कीमत का डीसीएम जब्त कर लिया है। इससे पहले महराजगंज के आरोपियों की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।