मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों से मिलने पहुंचे लोग
- फोटो : amar ujala
पथरा। स्थानीय थाना क्षेत्र के रमवापुर गांव में शादी से ठीक पहले दूल्हे के गायब होने के मामले में पुलिस ने दूल्हा व उसके पिता समेत सात लोगों पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। लड़की के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस दूल्हे के पिता व उसके बाबा को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। क्षेत्र के रमवापुर गांव निवासी हरिलाल अपनी पुत्री की शादी चार माह पूर्व क्षेत्र के अहिरौला गांव निवासी संतराम के पुत्र मनीष के साथ तय की थी। 19 अप्रैल को शादी होनी थी। लड़की पक्ष ने सारी तैयारियां पूरी कर ली थी, मंडप सजा हुआ था। इस बीच दोपहर को फोन आया कि दूल्हा गायब हो गया है।
इसके बाद तो पूरे घर में हड़कंप मचा गया। लड़की के पिता हरिलाला यादव गुरुवार को पुलिस को तहरीर देकर शादी करने के लिए ढाई लाख रुपये और कार्रवाई की मांग की। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दूल्हा मनीष, उसके पिता संतराम, दादा श्यामलाल, चाचा शिवपूजन, परशुराम, गौरी व मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि लड़की के पिता की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पिता व उसके बाबा को हिरासत में ले लिया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है, कार्रवाई की जाएगी।