चार दिन की बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड
बुधवार को दिन भी हुई बारिश, छाए रहे बादल
एक सप्ताह पहले हुई मानसून की दस्तक
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिले में बुधवार को सुबह से शाम तक रूक-रूककर बारिश होती रही और आसमान पर घने बादल छाए रहे। एक सप्ताह पहले हुई मानसून की दस्तक के बाद चार दिन की बारिश ने दो वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ दिया। बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है और बांधों में रेनकट के कारण लोग चिंतित हैं। जबकि, शहर और कस्बे की क्षतिग्रस्त सड़कों पर जलभराव से लोगों की दुश्वारियां बढ़ गईं हैं।
कृषि विज्ञान केंद्र सोहाना के मौसम विभाग के अनुसार मानसून की दस्तक 13 जून को हुई है, जबकि पिछले वर्षों में 18 जून तक मानसूनी वर्षा शुरू होती थी। चार दिनों में 78 मिमी वर्षा हुई है, जबकि वर्ष 2020 में 40 मिमी और वर्ष 2019 में 54 मिमी वर्षा 16 जून तक हुई थी। बुुधवार को दिनभर बारिश हुई लेकिन मौसम विभाग के उपकरणों के अनुसार चार मिमी वर्षा हुई। मौसम वैज्ञानिक सूर्यप्रकाश के अनुसार बृहस्पतिवार को भी हल्की बारिश की संभावना है। चार दिन बादल, बारिश का मौसम बना रहेगा।
लोकल फाल्ट के कारण हो रही परेशानी
बारिश के कारण लोगों की दिनचर्या बदल गई है। ज्यादातर कई दिन से घरों से बाहर नहीं निकले हैं, जबकि ड्यूटी या अन्य जरूरी कार्यों से सड़क, चौराहे पर दिखाने वाले लोग बारिश से भीगने के लिए छाता या रेनकोट का सहारा ले रहे हैं। बारिश के कारण लोकल फॉल्ट से बिजली कट रही है। बिजली कटने के कारण बुधवार को शहर के कई इलाकों में पानी के मोटर नहीं चलने से परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस बाबत विद्युत वितरण निगम के अधिशासी अभियंता आरके कुशवाहा ने बताया कि बारिश के कारण लोकल फाल्ट से बिजली कट रही है। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र में लोकल फाल्ट सुधारने के लिए टीमें लगाई गई हैं।