शोहरतगढ़। पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का नामांकन गुरुवार से शुरू होगा। चार ब्लॉकों में नामांकन की तैयारियां देर शाम पूरी कर ली गईं। इन ब्लॉकों में प्रधान पद की 319 सीटें हैं। नामांकन की प्रक्रिया सुबह आठ बजे से शुरू होगी।
ब्लॉकों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। नामांकन कक्ष तक सिर्फ प्रत्याशी और उसके प्रस्तावक को ही प्रवेश मिलेगा।
दूसरे चरण में शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के शोहरतगढ़, बढनी, जोगिया और इटवा तहसील के इटवा ब्लॉक में 1 दिसंबर को मतदान होना है।
इसके लिए पर्चा वितरण का कार्य मंगलवार से जारी है। नामांकन 19 व 20 नवंबर को होगा। सकुशल नामांकन कराने के लिए पुलिस-प्रशासन बुधवार को पूरे दिन व्यवस्थाओं में जुटा रहा। ब्लाक कार्यालय पर नामांकन के लिए न्याय पंचायतवार अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं।
इन्हीं काउंटरों पर संबंधित ग्राम पंचायतों के प्रत्याशियों के पर्चे जमा किए जाएंगे। एसडीएम सुरेंद्रनाथ मिश्र ने बताया कि नामांकन की तैयारी पूरी कर ली गई है। आरओ के नेतृत्व में सुबह आठ से शाम चार बजे तक प्रत्याशी नामांकन कर सकेंगे। कहा कि प्रत्याशी पूरे दस्तावेज के साथ आएं ताकि उन्हें वापस न लौटना पड़े।