श्री बालाजी हनुमान मंदिर का 14वां स्थापना दिवस पर पूजा अर्चना करते श्रद्धालु। स्रोत विज्ञप्ति
बिस्कोहर। नगर पंचायत बिस्कोहर के वार्ड नंबर पांच, अटल नगर, कसेरा मोहल्ला स्थित बालाजी हनुमान मंदिर का 14वां स्थापना दिवस बृहस्पतिवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को फूलों और आकर्षक लाइटों से भव्य रूप में सजाया गया था। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हनुमान जी के विशेष अभिषेक और पूजन से हुई।
पूरे दिन चले भजन-कीर्तन से क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना रहा। बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर मत्था टेका और बजरंगबली का आशीर्वाद लिया। श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर समिति के पप्पू गुप्ता ने बताया कि पिछले 14 वर्षों से यह मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है और हर वर्ष स्थापना दिवस पर इसी प्रकार भव्य आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर त्रिभुवन प्रसाद कसौधन, चंद्र प्रकाश गुप्ता, राम गुलाम कसौधन, संजय गुप्ता, रामफेर गुप्ता, अजय सिंह कसेरा, संतोष सिंह कसेरा, दिनेश तिवारी, प्रेम सागर गुप्ता, राजेश कश्यप, रामफेर साहू आदि श्रद्धालु मौजूद रहे।