पिपरहिया गांव के प्रधान प्रतिनिधि की तहरीर पर पुलिस ने तीन अन्य पर भी की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी।
बांसी से सपा के पूर्व विधायक व वर्तमान पार्टी जिलाध्यक्ष लालजी यादव सहित चार लोगों पर शुक्रवार रात पुलिस ने मारपीट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। क्षेत्र के कटहा निवासी पिपरहिया ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि की तहरीर पर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
मामले के अनुसार, पिपरहिया ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि गौरीशंकर निषाद ने शुक्रवार रात बांसी कोतवाली पुलिस को तहरीर दी, जिसके अनुसार, शुक्रवार शाम को वह ब्लॉक कार्यालय गया था। वहां पूर्व विधायक लालजी यादव, हरैया नानकार के ग्राम प्रधान राजेश पासवान, गौरव व अशोक ने गोलबंद होकर उसे गाली दी और मारापीटा। उसकी सोने की चेन भी छीन ली। गौरीशंकर की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पूर्व विधायक समेत चारों आरोपियों पर मारपीट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। इस संबंध में बांसी कोतवाल बिन्देश्वरी मणि त्रिपाठी का कहना है कि मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच की जा रही है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पूर्व विधायक लालजी यादव का कहना है कि यह मुकदमा राजनीति से प्रेरित है। इसका कोई आधार नहीं है।