नहीं हुआ पर्चा वापस, होगी सीधी टक्कर
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा और सपा प्रत्याशी होंगे आमने-सामने
तीन जुलाई को होगा मतदान, उसी दिन मतगणना के बाद होगा परिणाम घोषित
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए हो रहे चुनाव में मंगलवार को नाम वापसी के दिन किसी का पर्चा वापस नहीं हुआ। अब चुनाव में मतदान से ही परिणाम की घोषणा होगी। ऐसे में सपा और भाजपा प्रत्याशियों के बीच सीधी टक्कर तय है।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की शीतल सिंह और सपा की पूजा यादव ने पर्चा दाखिल किया था। तभी से विपक्ष एवं सत्तापक्ष की तरफ से प्रत्याशी, प्रस्तावक एवं सदस्यों को डराने, धमकाने एवं दबाव बनाने समेत विभिन्न तरह के आरोप एवं प्रत्यारोप लगाए गए। तमाम कयासों के बीच मंगलवार को पर्चा वापसी का समय भी गुजर गया लेकिन किसी प्रत्याशी ने पर्चा वापस नहीं लिया। अब दोनों प्रत्याशियों के बीच चुनावी घमासान तय है। ऐसे में दोनों तरफ से मतदाता सदस्यों को सहेजने की कवायद शुरू हो गई है। सपा की तरफ से जहां सदस्यों को डराने, धमकाने का आरोप लगाया जा रहा है, वहीं भाजपा की तरफ से जीत का दावा करते हुए आरोपों को खारिज किया जा रहा है। प्रभारी सहायक निर्वाचन अधिकारी उमेश चंद्र निगम ने बताया कि किसी प्रत्याशी ने पर्चा नहीं वापस लिया है, अब निष्पक्ष तरीके से मतदान के बाद परिणाम घोषित किया जाएगा।