ढेबरूआ थाना क्षेत्र के मुजेहना गांव में दो पक्षों में हुआ था बवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
तुलसियापुर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के मुजेहना गांव में शादी समारोह में फोटो खींचने को लेकर हुए बवाल के बाद गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात हैं। मामले में कहासुनी के बाद हुई मारपीट में कई लोग घायल हो गए। पुलिस दोनों पक्षों के 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन कर रही है।रविवार रात मुजहना गांव निवासी बबलू चौधरी के भाई की बारात की तैयारी चल रही थी। बरात जाने से पूर्व पारंपरिक तरीके से रास घूमने का कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान फोटो खींचने व कुछ बातों को लेकर गांव के दूसरे पक्ष के लोगों व कार्यक्रम में सम्मिलित लोगों के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद मारपीट की नौबत आ गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे के आमने सामने आ गए। इसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए।
घटना की जानकारी पाते ही ढेबरुआ थानाध्यक्ष शशांक सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और मामले को शांत करने की कोशिश में जुट गए। गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है। रात में एक पक्ष ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की जिसके आधार पर दूसरे पक्ष के नौ लोगों के खिलाफ मारपीट व बलबा का केस दर्ज कर लिया गया। दूसरे पक्ष के भी तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सोमवार की सुबह एक बार फिर दोनों पक्ष के कुछ लोगों के बीच कहासुनी व मारपीट हो गई। ढेबरुआ थानाध्यक्ष शशांक कुमार सिंह ने बताया कि गांव के दोनों पक्षों की तहरीर पर 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, एहतियातन पुलिस गांव में तैनात है।