सिद्धार्थनगर/इटवा। खाद्य सुरक्षा अधिनियम के प्रावधान सोमवार से बस्ती मंडल में प्रभावी हो गए। इसके तहत गृहस्थी व अंत्योदय श्रेणी के परिवारों को सस्ते दर पर खाद्यान्न मिलेगा। विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय ने इटवा कस्बे में 106 अंत्योदय और गृहस्थी कार्ड धारकों को राशन वितरण कर योजना की औपचारिक शुरुआत की।
पहले चरण में बस्ती मंडल के तीन जिलाें समेत प्रदेश के 24 जिलों में नई योजना प्रभावी की गई है। इसमें चयनित परिवारों को प्रति माह रियायती दर पर गेहूं-चावल मिलेगा।विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम को पूरे देश में लागू किया है, मगर इसे सबसे पहले यूपी ने मूर्त रूप दिया है। इस योजना में गरीब परिवारों को पेट भरने के लिए अन्न की कमी नहीं होगी।
योजना के पहले चरण में जिले को शामिल करना यहां के लोगों के लिए सरकार की बड़ी सौगात है। जिलाधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार ने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में कहीं भी कोटेदार ने गड़बड़ी की तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
डीएसओ देवमणि मिश्रा ने कहा कि पात्र परिवारों का नाम लिस्ट में छूट गया है तो सहज जनसेवा केंद्र से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। राशन वितरण अंत्योदय और गृहस्थी श्रेणी के अंतर्गत ही किया जाएगा। समारोह में एसडीएम इटवा जुबेर बेग, सपा जिलाध्यक्ष अजय चौधरी, पूर्ति निरीक्षक अमरजीत सिंह वैश्य, जगदीश प्रसाद जायसवाल, प्रधान अनूप सिंह, प्रधान दुर्गा जायसवाल, राजेंद्र जायसवाल आदि मौजूद रहे।