बढ़नी कस्बे स्थित मिठाई के दुकान सेंपल खाद्य अधिकारी। स्रोत विज्ञप्ति
-बढ़नी कस्बे में रसगुल्ला खाने से बिगड़ गई थी कुछ लोगों की तबीयत
- जांच रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी दुकान संचालक के खिलाफ कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
शोहरतगढ़। बढ़नी रेलवे स्टेशन रोड स्थित एक मिष्ठान की दुकान से रसगुल्ला खाने के बाद कुछ लोगों की हालत बिगड़ने की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकान की जांच की। दो सदस्यीय टीम ने दुकान के मालिक सुरेश कुमार मित्तल को नोटिस देकर रसगुल्ले को चार डिब्बे में सील कर जांच के लिए लैब भेज दिया। टीम ने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
बृहस्पतिवार को बढ़नी कस्बे के एक व्यक्ति ने रेलवे स्टेशन रोड स्थित एक दुकान से रसगुल्ला मंगाकर कई साथियों के साथ उसे खाया था। थोड़ी देर बाद सभी को उल्टी होने लगी। आसपास के लोग सभी को बढ़नी पीएचसी ले गए। कुछ घंटे बाद जब सब लोगों की तबीयत ठीक हुई तो मामले की तहरीर बढ़नी पुलिस चौकी व शिकायत पत्र खाद्य सुरक्षा विभाग को दी। मामले को संज्ञान में लेकर विभाग के कमिश्नर ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरज चौधरी व जयप्रकाश के नेतृत्व दो सदस्यीय टीम को मामले की जांच के लिए निर्देशित किया।
बृहस्पतिवार देर शाम स्वीट सागर दुकान से रसगुल्ले का सैंपल लेने के बाद मालिक सुरेश कुमार मित्तल को नोटिस दिया गया। रसगुल्ले को चार डिब्बे में सील करके जांच करने के लिए लैब भेज दिया गया। सैंपल लेने पहुंचे खाद्य सुरक्षा अधिकारी जयप्रकाश ने बताया कि शिकायत कर्ता की उपस्थिति में रसगुल्ले का सैंपल लिया गया है और जांच के लिए भेजा जा रहा है, रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।