शोहरतगढ़। मिशन शक्ति के तह शोहरतगढ़ थाना परिसर में स्कूली छात्राओं को जागरूक किया गया। इस दौरान मिशन शक्ति कार्यालय में संचालित महिला संबंधित अपराध की जानकारी दी गई।
सीओ मंयक द्विवेदी ने स्कूली छात्राओं को जानकारी देते हुए कहा कि कॅरिअर में आगे बढ़ने के लिए अपने गोल पर फोकस करें और निडर होकर छात्राएं पढ़ाई करें। आते-जाते हुए कही कोई रास्ते में छींटाकशी करता है तो पुलिस को सूचित करें। तत्काल पुलिस एक्शन लेकर कार्रवाई करेंगी। कहा कि मोबाइल पर बेवजह भेजे गए लिंक को एक्सेप्ट न करें। पासवर्ड, आधार नंबर, ओटीपी और प्रोफाइल डिटेल किसी से साझा न करें। कहीं कोई दिक्कत है तो जारी हेल्पलाइन नंबर की सहायता लें।
कार्यक्रम में सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, बहू सम्मेलन अभियान, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान कोष, नारी शक्ति वंदन अधिनियम, मातृ शक्ति को संबल, निराश्रित मिशन शक्ति पुलिस टीम ने सरकार की संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में भी बताया। महिला पेंशन योजना तथा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना आदि के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं से संबंधित अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए जारी हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जागरूक किया गया, जिनमें 1090 वुमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112 पुलिस हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड केयर लाइन, 108 एम्बुलेंस हेल्पलाइन, 101 अग्निशमन हेल्पलाइन, 14567 एल्डर हेल्पलाइन तथा 1930 साइबर हेल्पलाइन शामिल हैं।