सिद्धार्थनगर। जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें मौसमी बीमारी से जुड़े मरीजों की संख्या सर्वाधिक रही। बच्चे और बुजुर्ग बुखार, जुकाम और शरीर दर्द से पीड़ित पाए गए। डाॅक्टरों ने दवा के साथ ही बचाव के बारे में जानकारी दी। साथ ही जिन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी, उन्हें हायर सेंटर इलाज के लिए भेजा गया। भनवापुर प्रतिनिधि के अनुसार, क्षेत्र के पीएचसी तरहर, बिजौरा और सोहना में रविवार को जन आरोग्य मेले में कुल 97 मरीजों का इलाज किया गया। वहीं, तीन मरीजों को हायर सेंटर के लिए रेफर भी किया गया। खराश, खांसी, गैस्ट्राइटिस, एसिडिटी, पेट दर्द, फंगल संक्रमण,उच्च रक्तचाप, शुगर और जोड़ों में दर्द आदि के मरीजों का इलाज किया गया।
पीएचसी तरहर में डॉ. हनुमंत लाल मिश्र ने 36 मरीज, पीएचसी बिजौरा में डॉ.इर्शदेव आर्या ने 31 और पीएचसी सोहना में डॉ. सबीहा मलिक ने 30 मरीजों की जांच की। अधीक्षक डॉ.शैलेंद्र मणि ओझा ने कहा कि वर्तमान समय में तापमान बहुत अधिक होने से लू की संभावना बढ़ी है। शरीर का निर्जलीकरण हो जाने के कारण शरीर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। ऐसी स्थिति में जिंक व ओआरएस के घोल का उपयोग करें और तत्काल चिकित्सीय परामर्श जरूर लें। पकड़ी बाजार प्रतिनिधि के मुताबिक, जोगिया ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी बाजार में रविवार को आयोजित जन आरोग्य मेले में डाॅ. वसीम अहमद ने मरीजों की जांच की। इस दौरान कुल 28 मरीज आए। इसमें गैस्टो के 2, खून की कमी 2, चर्म रोग 5, बुखार पांच, सांस से संबंधित 4 और अन्य 10 मरीज जैसे खांसी, बुखार जैसी अन्य बीमारी की समस्या थी। बिस्कोहर प्रतििनधि के मुताबिक, रविवार को बिस्कोहर कस्बा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित जन आरोग्य मेले में 56 मरीज आए। आयुष चिकित्सक डाॅ. एससी शर्मा ने बताया कि मेले में 25 पुरुष, 8 बच्चे व 23 महिला की जांच की गई। फार्मासिस्ट राकेश कुमार चौधरी ने बताया कि बुखार व सर्दी जुकाम के 16, खांसी के 9, उल्टी-दस्त के 8 , जोड़ो के दर्द के 12 और अन्य बीमारियों के 11 मरीजों को निशुल्क दवा दी गई है।