सीएचसी सिरसिया को पीएचसी भनवापुर में किया स्थानांतरित
संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर। ब्लॉक क्षेत्र के सीएचसी सिरसिया में बृहस्पतिवार को करीब तीन फीट बाढ़ का पानी भर गया है। सीएचसी को भनवापुर पीएचसी में स्थानांतरित किया गया है। अब मरीजों को इलाज कराने के लिए करीब आठ किलोमीटर अधिक दूरी तय करनी पड़ेगी।
सीएचसी सिरसिया के अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र मणि ओझा ने बताया कि बाढ़ की आशंका को देखते हुए एक दिन पहले से जरूरी दवाओं को सीएचसी के पहले मंजिल पर सुरक्षित करा दिया गया है। बाढ़ के दौरान मरीजों को कोई असुविधा न हो इसके लिए पर्याप्त दवाएं पीएचसी सोहना और भनवापुर में रखी गईं हैं। 24 घंटे आपात सेवा पीएचसी भनवापुर से संचालित की जा रही है। पीएचसी सोहना में कार्यालय के साथ ही ब्लॉक क्षेत्र के पश्चिमी हिस्से के लोगों की सुविधा के लिए वहां भी मरीजों का इलाज किया जाएगा।
-
जर्जर भवन न बन जाए मुसीबत
पीएचसी भनवापुर का जर्जर भवन मरीजों के साथ ही स्वास्थ्यकर्मियों के लिए मुसीबत बन सकता है। पीएचसी भनवापुर का प्रसव कक्ष ऊपर से डेट पेंट रंगाई पुताई कर चकाचक दिखाने का प्रयास हो रहा है। मगर बारिश के दौरान प्रसूता महिलाओं के साथ ही ड्यूटी कर रहे स्वास्थ्यकर्मी दहशत में रहते हैं। अस्पताल में केवल तीन कमरे ही सही हैं। आवासीय भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है।