जांच में मिलीं खामियां, पिलर के पुनर्निर्माण के निर्देश
भनवापुर। विशेष सचिव धीरेंद्र सिंह ने सोमवार शाम सीएचसी सिरसिया में निर्माणाधीन बीस बेड के कोविड वार्ड का निरीक्षण कर खामियां जानीं। उन्होंने ठेकेदार को पिलर, प्रिलिंग को तोड़कर पुन: बनाने के निर्देश दिए। साथ ही इस्तेमाल किए जा रहे मोरंग का नमूना भी लिया गया।
पिछले सप्ताह बीस नवंबर को अमर उजाला में कोविड वार्ड के निर्माण में अनियमितता के बारे में खबर छपी थी। क्षेत्र के लोगों ने कोविड वार्ड के निर्माण में धांधली का आरोप लगाते हुए बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में बन रहे इस भवन की गुणवत्ता पर सवाल उठाया था। लोगों ने जांच कर कार्रवाई की मांग की थी। खबर को संज्ञान में लेकर विशेष सचिव धीरेंद्र सिंह सचान व सीएमओ डॉ. बीके अग्रवाल ने सोमवार की शाम करीब छह बजे सीएचसी सिरसिया में निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पिलर, प्रिलिंग को हाथ लगाते ही बालू व सीमेंट झरने लगा। इस पर विशेष सचिव ने ठेकेदार को उसे तोड़कर फिर से निर्माण कराने के निर्देश दिए।
मोरंग के सही न होने की आशंका पर उसका नमूना लिया गया। विशेष सचिव ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में हो रहे इस निर्माण में अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र मणि ओझा, चीफ फार्मासिस्ट मुन्नू लाल, फार्मासिस्ट प्रेम कुमार तिवारी, मनीष, विजय कुमार मिश्र, डॉ आशीष सत्यार्थी, राकेश पाठक, नंद कुमार तिवारी आदि मौजूद रहे।