सिद्धार्थनगर। विधानसभा क्षेत्र कपिलवस्तु में शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में पीडब्ल्यूडी की ओर से 5.7 करोड़ रुपये की लागत से पांच नई सड़कों के निर्माण कार्यों की शासन से स्वीकृति मिली है। इन सड़कों के निर्माण से 150 गांवों की लगभग दो लाख आबादी को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
विधायक श्यामधनी राही ने यह जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड की सड़कों के निर्माण की स्वीकृति मिली है। शासन की ओर से पीडब्ल्यूडी की इन सड़कों के निर्माण के लिए धन स्वीकृत हुआ है, जिनमें 1.40 किमी लंबा सिकरी-लकड़ा संपर्क मार्ग से केजी बांध उत्तर ढाल से छोटे सचिवालय होते हुए वीरेंद्र पांडेय के घर तक लकड़ा डीह संपर्क मार्ग, 1.20 किमी लंबा सिकरी-लकड़ा से तुरकौलिया संपर्क मार्ग, 2.20 किमी लंबा ककरही-टड़िया गायघाट से तालभिरौना होते हुए खजूरडाड़ तक संपर्क मार्ग, 500 मीटर लंबा नगर पालिका सिद्धार्थनगर मार्ग से आवासीय परिसर होते हुए राष्ट्रीय मार्ग खंड, लोक निर्माण विभाग, सिद्धार्थनगर के कार्यालय तक मार्ग तथा 480 मीटर लंबा झंगटी से एसएसबी कैंप संपर्क मार्ग के किमी-1 से झंगटी गांव तक मार्ग का निर्माण कार्य शामिल है।
विधायक ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को गति मिलेगी।