तुलसियापुर। बरसात के मौसम में उमस से लोग परेशान हैं। वहीं, दूसरी तरफ रोस्टरिंग के नाम पर रात में पांच-पांच घंटे बिजली कटौती ने परेशानी बढ़ा दी है। बढ़नी ब्लाॅक के ढेबरुआ पावर हाउस के उपभोक्ताओं ने पीवीवीएनएल के अधिकारियों से रात्रिकालीन कटौती रोकने की मांग की है। ढेबरुआ पावर हाउस से लगभग चार दर्जन ग्रामपंचायतों के हजारों उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जाती है। शिवकुमार, राहुल शुक्ल, रामदेव अग्रहरि, किशोरी लाल, हफीजुर्रहमान आदि का कहना है कि दिन में तो बिजली ठीक-ठाक आती है लेकिन जैसे ही रात शुरू होती है बिजली की आंख मिचौली शुरू हो जाती है।
रात में दो-तीन बार रोस्टरिंग के नाम पर आठ-आठ घंटे बिजली काट दी जाती है। मौजूदा समय में बारिश न होने के कारण उमस अधिक रहती है, बिजली ही एक मात्र सहारा होती है लेकिन वह भी धोखा दे जा रही है।
उपभोक्ताओं ने बताया कि बुधवार को आठ बजे के आसपास कई बार बिजली कटौती की गई। पौने 11 बजे रोस्टरिंग के नाम पर करीब दो घंटे 20 मिनट बिजली काट दी गई और रात एक बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। उपभोक्ताओं ने अधिकारियों से मांग की कि रात्रिकालीन बिजली कटौती न की जाए। ढेबरुआ के जेई सत्येंद्र कुमार ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर रोस्टरिंग की जा रही है।