कठेला समय माता थाना क्षेत्र के सोनबरसा घाट बूढ़ी राप्ती नदी का है मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
तुलसियापुर। कठेला समय माता थाना क्षेत्र के सोनबरसा घाट पर बूढ़ी राप्ती नदी में मछली पकड़ने के दौरान बुधवार की देर शाम डूबे मछुआरे की लाश बृहस्पतिवार दोपहर में मिल गई। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ढ़ेबरुआ थाना क्षेत्र के पकड़िहवा का रहने वाला विफई (35) पुत्र रामकुमार अपने साथी जुम्मन के साथ बुधवार को मछली पकड़ने के लिए कठेला समय माता थाना क्षेत्र के बूढ़ी राप्ती नदी के किनारे सोनबरसा घाट पर गया था। देर शाम नदी के तेज बहाव में विफई बह गया। काफी खोजबीन के बाद भी वह नहीं मिला। उसके बाद परिजनों ने कठेला समय माता पुलिस को घटना की सूचना दी। बृहस्पतिवार की सुबह पीएससी के गोताखोरों को उसकी तलाश में लगाया गया। दोपहर में लगभग एक बजे मछुआरे की लाश मिली।
इस दौरान इटवा के नायब तहसीलदार राघवेन्द्र पांडेय, एसओ रोहित कुमार उपाध्याय आदि मौजूद रहे। इस संबंध में कठेला समय माता एसओ रोहित कुमार उपाध्याय ने बताया कि लाश को पीएम के लिए भेज दिया गया है।
मछली बेचकर चलाता था परिवार
ढ़ेबरुआ थानाक्षेत्र के पकड़िहवा के रहने वाले विफई (35) पुत्र रामकुमार मछली पकड़ने का काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। बृहस्पतिवार को भी वह बूढ़ी राप्ती नदी के किनारे सोनबरसा घाट पर नदी में मछली पकड़ने ही गया था। सूत्रों के मुताबिक पत्थरों के बीच रहने वाली मछली को पकड़ने के लिए वह नदी में पानी जाकर उसे पकड़ रहा था, तभी वह उसी में डूब गया और बृहस्पतिवार को उसकी लाश मिली। उसके डूबने की सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी रेशमा व उसके दोनों पुत्रों अरुण (10) व सन्नी देओल (08) और पुत्री राधिका (06) भी सोनबरसा घाट पर पहुंचे। पति व पिता की लाश देखते ही चारों रोने लगे।