एसपी कार्यालय पर ज्ञापन देने जाते चिल्हिया थाना क्षेत्र के मंझरिया गांव के लोग
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
नशे में किया विवाद, भीड़ पर प्रधान पुत्र ने की फायरिंग
आरोपी युवक गिरफ्तार, चिल्हिया क्षेत्र के मंझरिया गांव का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर/चिल्हिया। नशे की हालत में प्रधान के पुत्र ने बवाल के दौरान गाली-गलौज कर लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि किसी को गोली नहीं लगी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या की कोशिश सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर मुख्य आरोपी प्रधान पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना बुधवार देर शाम चिल्हिया क्षेत्र के अलीदापुर गांव के टोला मंझरिया की है।
एसपी को शिकायती पत्र देकर प्रहलाद व चिल्हिया पुलिस को तहरीर देकर बृजेश कुमार ने बताया कि बुधवार शाम गांव के मंझरिया चौराहे पर अलीदापुर के प्रधान का पुत्र रणजीत चौधरी नशे की हालत में कुछ लोगों से गाली-गलौज करने लगा। मामला बढ़ता देख गांव के अन्य लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की तो उसने घर में रखे लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलते ही भगदड़ मच गई। लोगों ने आरोप लगाया कि वह आए दिन किसी ने किसी से विवाद करता है। पूर्व में एक मामले की विवेचना में गांव में आए एक दरोगा पर भी उसने रिवाल्वर तान दी थी। इससे लोगों में दहशत बना हुआ है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाए। पुलिस ने रणजीत व एक अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। एसओ चिल्हिया सभाशंकर यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी रणजीत व एक अन्य खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर रणजीत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।