रुद्रपुर, एकौना। बृहस्पतिवार की दोपहर गर्म पछुआ हवा के थपेड़ों के बीच आग ने दोआबा में जमकर कहर बरपाया। भूसा बनाने वाली रीपर मशीन की चिंगारी से लगी आग की चपेट में आने से बेलवा, तिघरा, परसिया के किसानों का करीब 50 एकड़ गेंहू और अरहर की फसल जलकर नष्ट हो गई, वहीं एकौना गांव में सिलिंडर से लगी आग से पांच रिहायशी झोपड़ी जल गई। फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया जा सका।
दोपहर करीब एक बजे तिघरा खैरवा, परासिया सरेह में भूसा बनाने वाली मशीन से आग लग गई। पछुवा हवा के कारण विकराल रूप लेकर बेलवा दबौली और लालपुर परसिया के करीब दो दर्जन किसानों के गेहूं अरहर आदि खेतों में पकड़ ली। जिससे करीब 50 एकड़ गेहूं अरहर की फसल जलकर राख हो गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां पहुंच कर ग्रामीणों की मदद से बड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया गया। ग्रामीणों ने चालक को पकड़ कर एकौना पुलिस के हवाले कर दिया।
आग की चपेट में आने से रीपर मालिक की भूसा लदी ट्राली भी जल गई। आग से शिव प्रसाद सिंह, विजई सिंह, रामप्रताप सिंह, हृदय नारायण सिंह, राम विलास यादव, लाल पुर परसिया गांव के राजेश पांडेय, राणा प्रताप पासवान, ठगई दूसाद और बेलवा दुबौली के फूल सिंह चौहान, अनिल गुप्ता, द्वारिका गुप्ता, राजू यादव आदि किसानों की फसल जल गई है।
वहीं एकौना गांव में सिलिंडर से लगी आग से पांच लोगों की मड़ई जलकर राख हो गई। एकौना निवासी विक्रमा, रामप्रसाद, प्रेम सागर, रानी और अताउल की झोपड़ी जली। आग से जिसमें गेहूं, चावल, सरसों और पशुओं के लिए भूसा रखा गया था।
आग से सभी की मड़ई, उसमें रखा खाने पीने का सामान जलकर राख हो गया ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। सूचना पर तहसील के लेखपाल ने जले हुए सामानों का निरीक्षण कर उच्च अधिकारियों को सूचित किया।