चार क्षेत्रों में धधकी आग, 250 बीघे फसल जली
मिश्रौलिया, शोहरतगढ़ और चिल्हिया, खेसरहा थानाक्षेत्र में लगी आग
भूसा काटने वाली मशीन, पंपिंग सेट की चिंगारी और शॉर्ट सर्किट से लगी आग
संवाद न्यूज एजेंसी
मिश्रौलिया/चिल्हिया/धेंसा। जिले के मिश्रौलिया, शोहरतगढ़ और चिल्हिया, खेसरहा थानाक्षेत्र में रविवार को गेहूं की खड़ी फसल में आग लग गई। इसमें किसानों का सैकड़ों बीघा फसल देखते ही देखते जल गई। ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया। मगर तब तक किसानों की मेहनत को आग की लपटें निगल चुकी थीं। चार क्षेत्रों में धधकी आग के कारण 250 बीघा से अधिक गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई।
मिश्रौलिया थानाक्षेत्र के कुशमहर गांव के सीवान में भूसा कटाने वाली मशीन चल रही थी। इसी बीच मशीन से चिंगारी निकली और आग लग गई।। हवा होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। ग्रामीण जब्बार ने बताया गेहूं के खड़ी फसल में आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी गई। ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने में लोग जुट गए। स्थानीय पुलिस और गांववालों की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग से हमीदुल्लाह का एक बीघा, और नगपरी के सीवान में जब्बार का आठ बीघा, मालिक दो बीघा, कयूम का एक बीघा, सत्तार का एक बीघा और सेखुइया के सीवान में घनश्याम का एक बीघा फसल जल गई। इस दौरान भूसा मशीन का मालिक भाग गया। चिल्हिया क्षेत्र के बरगदवा, महदेवाए धुसरी बुजुर्ग, सेमरियावा गांव के बीच सिवान में शॉर्ट-सर्किट से गेहूं की डंठल में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें खड़ी फसल में पहुंच गई। जिससे रामदेव गुप्ता का छह, रामचंद्र का एक, डगरू का नौ, राजेंद्र नौ बीघा फसल जल गई। अन्य किसानों का 50 बीघा फसल जल गया। अग्निशमन की टीम और गांववालों के अथक प्रयास से आग को बुझाई गई। शोहरतगढ़ थानाक्षेत्र के कोइलीघाट और जुडीकुइयां गांव के सीवान में आग लग गई। आग लगने का कारण पंपिंग सेट की चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग लगी। देखते ही देखते रंजीत, संतोष, केदारनाथ वर्मा का 10 बीघा फसल जलकर नष्ट हो गया। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। मौके पर क्षेत्रीय लेखपाल ने नुकसान का आकलन किया।
खेसरहा में नहीं पहुंचा अग्निशमन दल
खेसरहा। थानाक्षेत्र में रविवार को आग की लपटें देखकर किसानों की आंखों में आंसू आ गए। दिन में हवा चली तो आग ने दायरा और बढ़ा दिया। ग्रामीणों ने मदद के लिए अग्निशमन विभाग और पुलिस कंट्रोल रूम में फोन लगाया लेकिन आग बुझने तक अग्निशमन दल नहीं पहुुंचा। क्षेत्र के ग्राम पंचायत बुनहिया बुजुर्ग, कसिहरा, कड़जा, अकोली में 30 एकड़ से अधिक गेहूं की फसल जल उठी। किसानों ने अपनी क्षमता के अनुसार आग बुझाने की कोशिश की लेकिन आग की लपेट के आगे उनकी कोशिश नाकाम रही। आग बुझाने की कोशिश में काफी फसल तबाह हो गई। इस संबंध में मुख्य अग्निशमन अधिकारी एके सिंह से बात करने की कोशिश की गई लेकिन उनका मोबाइल बंद था।