त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के भनवापुर चौराहे की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के भनवापुर चौराहे पर स्थित एक दुकान में रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे शार्ट-सर्किट से आग लग गई। फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों के घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गयाा। तबतक दुकान में रखा, कपड़ा, कंप्यूटर सहित करीब 18 लाख का सामान नष्ट हो चुका था।
क्षेत्र के सहिजवार गांव निवासी सदानंद चौधरी थाना क्षेत्र के भनवापुर चौराहे पर पिछले छह वर्ष से कपड़े का व उसी में केनरा बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र का संचालन करते हैं। रविवार को रात करीब आठ बजे अपना दुकान बंद कर एक मांगलिक कार्यक्रम में चले गए। रात्रि करीब साढ़े नौ बजे अचानक दुकान में शार्ट-सर्किट से आग लग गयी। दुकान से उठता धुआं देख आसपास लोगों ने फायर ब्रिगेड व सदानंद चौधरी को सूचना देकर आग बुझाने में लग गए। स्थानीय लोगों की मदद से करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। इस संबंध में उप जिलाधिकारी डुमरियागंज डॉ. संजीव दीक्षित ने कहा कि शार्ट-सर्किट से अगलगी की जानकारी है। जांच कराकर संबंधित विभाग के जिम्मेदारों को पत्र लिखकर जल्द सहायता उपलब्ध कराया जाएगा।