बांसी। कोतवाली क्षेत्र के गांव बसंतपुर में एक फूस की झोपड़ी में बुधवार को अज्ञात कारणों से आग लग गई। आगलगी की इस घटना में चार मवेशी झुलस गए, जिनमें से तीन की मौत हो गई है। हादसे में झोपड़ी में रखा भूसा, बिस्तर सहित सभी सामान जलकर राख हो गए।
क्षेत्र के बसंतपुर गांव निवासी परमात्मा यादव की गांव के पूर्व स्थित फूस की झोपड़ी में अज्ञात कारणों से आग लग गई। घटना के समय वहां रहने वाले परिवार के चार सदस्यों में से कोई भी मौजूद नहीं था, सभी खेत में थे। झोपड़ी में सात मवेशी बंधे थे। साथ ही भूसा व कुछ अन्य सामान रखा हुआ था।
घरवाले आग लगने की सूचना मिलने के बाद जब मौके पर पहुंचते तब तक आग पूरी तरह फैल चुकी थी। घटना की सूचना के बाद कुछ ही देर में कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी व फायर ब्रिगेड की दो टीमें मौके पर पहुंच गई। जिन के प्रयास से तीन मवेशी बाहर निकाल लिया गया।