गोल्हौरा। गोल्हौरा चौराहा स्थित मिठाई की दुकान में रविवार रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आसपास के लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। लेकिन, आगलगी की घटना में लाखों का सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के तिघराघाट निवासी राधेश्याम चाय व मिष्ठान की दुकान गोल्हौरा चौराहे पर थाने के सामने चलाते हैं। प्रतिदिन की भांति वह रविवार देर शाम दुकान बंद करके घर चले गए और उनका पुत्र विकास व दुकान पर काम करने वाला लड़का रात में दुकान के बाहर टिनशेड के नीचे सो गए। देर रात दोनों को कुछ जलने की गंध आई। जब दोनों ने दुकान का शटर उठाना चाहा तो पता चला कि शटर में करंट आ रहा है।
लकड़ी से दोनों ने मिलकर शटर उठाया तो देखा कि अंदर भीषण आग लगी थी। आग इतनी तेज थी कि इसमें दो फ्रिज, एक काउंटर, डीप फ्रीजर, इनवर्टर, कंप्यूटर काटा और करीब तीन लाख की बनी मिठाई जल चुकी थी। उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड टीम को सूचना दी और आग बुझाने में लग गए। आग इतनी तेज हो चुकी थीं कि वह बगल के दूसरी किराना की दुकान में पहुंच गई।
सूचना पाकर स्थानीय चौराहे के अन्य लोग भी इकट्ठा हो गए और आग बुझाने में लग गए कुछ देर में फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड की टीम व ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया था।
दुकानदार राधेश्याम ने बताया कि लगभग पांच लाख रुपये का सामान व दो लाख नकदी जला है। बगल में किराने के दुकानदार अरुण कुमार ने बताया कि लगभग एक लाख रुपये का सामान जला है।