सिद्धार्थनगर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के मानपुर रोड पर बन रहे मछली मंडी के निर्माणाधीन गेट गिरने से मुश्ताक (25) की मौत के मामले में मंडी परिषद के एई जेपी राव की तहरीर पर ढेबरुआ पुलिस ने कार्यदायी संस्था आर्यन कंस्ट्रक्शन की प्रोपराइटर संगीता सिंह निवासिनी रायबरेली पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन से मिले दिशा-निर्देश पर हुई है।
बता दें कि क्षेत्र के तुलसियापुर चौराहे के पास मधवापुर में 05.56 करोड़ रुपये की लागत से मंडी परिषद से बन रहे मछली मंडी का निर्माणाधीन गेट बुधवार दोपहर करीब 12 बजे गिर गया। इस हादसे में मजदूर मुश्ताक (25) पुत्र किताबुल्लाह निवासी मड़नी थाना ढेबरुआ की मलबे में दबने से मौत हो गई। वहीं, बुधई (45) व उसके पुत्र राजेंद्र (18) निवासी घरुआर थाना ढेबरुआ, आलम (38) निवासी मड़नी थाना ढेबरुआ, रुपेश यादव (24) निवासी मानपुर थाना ढेबरुआ, रामफेरन (55) निवासी घरुआर थाना ढेबरुआ और नेपाल के अमहवा निवासी रामदयाल (40) घायल हो गए। इसमें बुधई, राजेंद्र और रामफेरन को उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां पर उनका इलाज चल रहा है।
इस मामले में डीएम शिवशरणप्पा जीएन मौके पर जांच करने के साथ ही जांच कमेटी गठित करने के साथ ही विभाग को भी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मंडी परिषद के एई जेपी राव ने बृहस्पतिवार को ढेबरुआ थाने पर तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने कार्यदायी संस्था आर्यन कंस्ट्रक्शन की प्रोपराइटर संगीता सिंह निवासिनी रायबरेली के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
इस संबंध में सीओ शोहरतगढ़ मयंक कुमार द्विवेदी ने बताया कि एई की तहरीर पर संबंधित कार्यदायी संस्था पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच में जो भी सामने आएगा, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।