संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी डाॅ. राजा गणपति आर. की अध्यक्षता में शनिवार को थाना गोल्हौरा में थाना समाधान दिवस का कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान डीएम ने राजस्व कर्मियों को निर्देश दिए कि भूमि विवाद, वरासत, बंटवारा आदि के जो प्रकरण हैं, उनका मौके पर जाकर सही ढंग से निस्तारण कराएं। यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक मार्ग पर अवैध रूप से कब्जा किया है तो उसके विरुद्ध लेखपाल केस दर्ज कराएं।
उन्होंने हल्का लेखपाल एवं राजस्व निरीक्षक को निर्देश दिए कि शनिवार और रविवार को सभी हल्का लेखपाल राजस्व निरीक्षक को साथ लेकर मौके पर जाकर नाली का विवाद, चकमार्ग का विवाद व जमीन बंटवारा व अवैध कब्जा व पट्टा प्रकरणों को ग्रामवासियों का बयान लेकर निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित कराए। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस बल के साथ मौके पर जाए। अधिकतम प्रकरणों को निस्तारण कराकर ही लौटे, प्रकरण लंबित कतई न रखा जाए। डीएम ने थाना समाधान दिवस में आए सभी शिकायतकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि आपस में मिलकर रहे। किसी प्रकार का लड़ाई-झगड़ा न करें। जो भी प्रकरण आए हैं उसका निस्तारण मौके पर जाकर राजस्व के अधिकारी व कर्मचारी कराएंगे।
इस दौरान एसपी डाॅ. अभिषेक महाजन समेत थानाध्यक्ष गोल्हौरा राजेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।