लोटन। कोतवाली क्षेत्र के बघेली गांव में बुधवार रात खेत की जमीन विवाद में दो पक्षों में जमकर ईंट, पत्थर व लाठी डंडा चला।
इसमें दोनों पक्ष के कई लोग घायल हो गए। पुलिस को सूचना मिलने के बाद घायलों को सीएचसी लोटन पहुंचाया गया। इसमें कुछ लोगों को गंभीर चोट लगने के कारण सीएचसी लोटन के डाॅक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। पुलिस दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर कार्रवाई में जुटी है।हरिश्चंद्र जायसवाल व श्रीचंद जायसवाल, अयोध्या, कृष्ण मुरारी, प्रेमचंद पुत्रगण केदार दोनों पक्षों के लोग एक ही बाप के लड़के हैं।
इनमें दोनों पक्षों में दो बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। जमीन का हिस्सा बांटने व जोतने-बोने को लेकर रात में तू-तू मैं-मैं होते-होते मारपीट शुरू हो गई। इसमें श्रीचंद सहित उनके भाई अयोध्या, कृष्ण मुरारी, प्रेमचंद घायल हो गए।
दूसरे पक्ष के हरिश्चंद्र, दुर्गावती, प्रियांशु, दीपांशु, कृष्णा, करिश्मा घायल हो गए। पुलिस को सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंच कर झगड़ा शांत कराकर दोनों पक्षों के घायलों को सीएचसी लोटन पहुंचाया। इसमें एक पक्ष के कृष्ण मुरारी, श्रीचंद, अयोध्या व दूसरे पक्ष के दुर्गावती, हरिश्चंद्र, प्रियांशु को काफी चोट लगने के कारण डाॅक्टरों ने मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया। संवाद