सिद्धार्थनगर। नौगढ़-सोहांस मार्ग के उच्चीकरण से शहर के बुद्धनगर मोहल्ले से होकर गुजरने वाले 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार की ऊंचाई कम होने से हमेशा खतरे की आशंका बनी रहती है। सड़क ऊंची हो जाने से भारी वाहनों के आवगमन के समय बिजली के तार से काफी कम गैप बचता है। मोहल्ले में कुछ नवनिर्मित मकानों से सट कर तार गुजर रहा है।
लोटन ब्लाॅक से मार्ग जुड़ा होने के कारण प्रतिदिन काफी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों के साथ भारी व ऊंचे वाहनों की भी आवाजाही होती है। भारी वाहन चालकों की थोड़ी सी चूक कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। तेज हवा चलने पर खतरा और भी बढ़ जाता है और जब रास्ते से ट्रक गुजरता है तो आसपास के लोग हादसे की आशंका में भयभीत हो जाते हैं।
व्यस्त मार्ग होने के नाते मार्ग से आवागमन हर समय होता रहता है। तार की ऊंचाई कम होने से भारी वाहनों के आते-जाते समय खतरा बना रहता है।
महेश गुप्ता, बुद्धनगर
सड़क ऊंचा हुआ लेकिन पोल नहीं बदला गया, जिसके चलते सड़क से तार की ऊंचाई कम हो गई है। गर्मी के मौसम में तेज हवा के चलते खतरा और भी बढ़ गया है। शीघ्र ही पोल को बदल कर तार की ऊंचाई बढ़ाने की जरूरत है।
कल्लू हाशमी, सभासद बुद्धनगर
तार ऊंचा करवाने के लिए पीडब्ल्यूडी को पत्र लिखा गया है लेकिन उक्त कार्य में खर्च होने वाला पैसा अभी तक पीडब्ल्यूडी ने जमा नहीं किया है। पैसा जमा करते ही तार को ऊंचा करने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
आरके कुशवाहा, अधिशासी अभियंता, विद्युत निगम