मृतक......................मोहम्मद शफीक। फाइल फोटो।
शोहरतगढ़। कस्बे के पास स्थित पेट्रोल पंप के सामने बुधवार सुबह जेसीबी ने बाइक सवार मोहम्मद शफीक (55) को टक्कर मारकर रौंदा दिया। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शफीक 14 जून को होने वाली बेटी की शादी का कार्ड बांटने के लिए रिश्तेदारों के घर जा रहे थे। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही जेसीबी कब्जे में लेकर थाने में लाकर खड़ी करवा दी है। मौत के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत के राम-जानकी नगर गड़ाकुल वार्ड नंबर-8 का निवासी मोहम्मद शफीक (55) बाइक से रिश्तेदारों के घर बेटी की शादी का कार्ड देने के लिए जा रहे थे। जैसे ही हाईवे मार्ग पर मड़वा से आगे एक पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे, तभी सामने से आ रही जेसीबी मशीन ने टक्कर मार दी और गिरने के बाद पहिये से रौंद दिया। हादसा देखकर मौके पर पहुंचे लोग जबतक अस्पताल लेकर जाने की कोशिश करते, उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। इसके बाद लाश का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। साथ ही जेसीबी को कब्जे में लेते हुए थाने में लेकर जाकर खड़ा करवा दिया है।
इस संबंध में थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह ने कहा कि लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चालक जेसीबी छोड़कर भाग निकला है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-
खुशी से पहले मौत का मातम
शफीक की मौत की खबर मिलते ही मोहल्ले में मातम छा गया। परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में खुशी का माहौल था, वहां मातम छा गया। शफीक के तीन पुत्र और 5 पुत्रियां हैं। इसमें 14 जून को आखिरी बेटी की शादी होनी थी। उसी की तैयारी में परिवार के लोग लगे हुए थे। घर में शादी की तैयारी चल रही थी। हादसे में पिता की मौत के बाद घर में मातम छा गया। खुशियां गम में बदल गईं।