डुमरियागंज के शाहपुर स्थित नवीन मंडी में साफ-सफाई व्यवस्था ध्वस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। तहसील क्षेत्र के शाहपुर स्थित नवीन सब्जी और फल मंडी में जगह-जगह कूड़ा करकट और गंदगी का ढेर लग जाने से किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नवीन मंडी में जगह-जगह सडे गले फल व सब्जियों का ढेर लगा है। वहीं, मंडी में जल निकासी की व्यवस्था न होने से मामूली बारिश में जल भराव हो जा रहा है। मंडी स्थल पर कभी भी संक्रामक बीमारियां फैल सकती हैं।
क्षेत्र के शाहपुर स्थित नवीन मंडी स्थल पर कर्मचारियों, समेत बड़ी संख्या में किसानों और सब्जी तथा फल व्यापारियों का रोजाना आवागमन होता रहता है। सोमवार को नवीन मंडी पर आए किसान राम तेज चौधरी राम प्रकाश चौधरी, गोली, मोहम्मद इस्लाम, ओमप्रकाश, रामफेर, नंदलाल आदि ने बताया कि जरा सी बारिश होने पर यहां परेशानी होती है। किसानों ने यहां से गंदगी हटवाने व नवीन मंडी परिसर में पेयजल, शौचालय सहित जल भराव रोकने के लिए उच्चीकरण कराने की मांग की है।
इस संबंध में एसडीएम डॉ. संजीव दीक्षित ने बताया कि शाहपुर नवीन मंडी में साफ-सफाई व्यवस्था सुचारू बनाने के लिए नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया जाएगा। वहां पर जल निकासी की व्यवस्था किए जाने के लिए मंडी सचिव से जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।