शोहरतगढ़। रखवाली के लिए खेत की ओर जा रहे किसान की मधुमक्खियों के हमले में मौत हो गई। घटना शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के चोड़ार गांव में बुधवार सुबह की है। घटना से गांव में मातम छा गया है। ग्राम पंचायत चोड़ार निवासी कृष्णा प्रसाद चौधरी (46) बुधवार सुबह घर से कुछ ही दूरी पर स्थित खेत की ओर जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि रास्ते में अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। बुरी तरह से घिरे कृष्णा प्रसाद शोर गुल मचाते हुए घर की ओर भागे। मधुमक्खियां उनके पीछे लगी रहीं। घर पहुंचते-पहुंचते वह बेहोश होकर गिर पड़े। बुरी तरह जख्मी किसान को परिजन आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में सीएचसी शोहरतगढ़ के अधीक्षक डॉ. एसके पटेल ने बताया कि कृष्णा प्रसाद चौधरी की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक की पत्नी शांति देवी का रो-रो कर बुरा हाल है।