सिद्धार्थनगर। बर्डपुर बीआरसी अंतर्गत पूर्व माध्यमिक विद्यालय काशीपुर व प्राथमिक विद्यालय काशीपुर में शुक्रवार को प्रवेशोत्सव धूमधाम से मनाया गया। नामांकन पखवाड़ा का समापन स्कूल चलो रैली निकाल कर किया गया। गांव में घर-घर जाकर अभिभावकों को बच्चों को नियमित स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी विजय कुमार गुप्त, सह समन्वक शैलेंद्र मिश्रा, प्रधानाचार्य अब्दुल अजीज, तुफैल अहमद, अंबरीश कुमार, अलका श्रीवास्तव, मधुकर, विजयलक्ष्मी, नागेश्वर प्रसाद, उर्मिला देवी, सुनीता देवी आदि मौजूद रहे। उधर, प्राथमिक विद्यालय मिश्रौलिया में प्रधान संघ अध्यक्ष सुनील कुमार यादव ने विद्यालय में उपस्थित बच्चों का परिचय प्राप्त किया। बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
सुनील यादव ने अभिभावकों से बच्चों को विद्यालय नियमित रूप से भेजने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य लाल बहादुर यादव भी मौजूद रहे। प्राथमिक विद्यालय अगया कला में भी नामांकन पखवारा उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान मो. स्कूल खान, क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि मो. रिजवान, प्रधानाध्यापक केशव मणि मिश्र विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष संतराम, अमित श्रीवास्तव, शिक्षामित्र सबीहा खातून आदि मौजूद रहीं।
शोहरतगढ़। स्थानीय बीआरसी के पूर्व माध्यमिक और प्राथमिक विद्यालय नीबी के प्रांगण में शुक्रवार को प्रधान संतराम मौर्य की अध्यक्षता में प्रवेश उत्सव कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें वक्ताओं ने अभिभावकों और विद्यालय के शिक्षकों को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन ईमानदारी के साथ करने का आह्वान किया। कहा कि इससे ही क्षेत्र के नौनिहालों का भविष्य उज्ज्वल होगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसडीएम ओमप्रकाश गुप्ता ने छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार पिछड़े हुए जनपद क्षेत्र के लोगों के पाल्यों को बेहतर शिक्षा मुहैया कराने के लिए गांव में ही प्राथमिक स्कूल खुलवा कर सुदृढ़ व्यवस्था मुहैया करवा रहा है। निशुल्क शिक्षा के साथ भोजन, ड्रेस, पाठ्य पुस्तक, दूध, फल वितरण करवा रहा है। इसके बावजूद भी कान्वेंट स्कूलों में बच्चों की संख्या सरकारी स्कूलों से कहीं ज्यादा है।
इसके लिए सिर्फ समाज दोषी है, सरकार नहीं। उन्होंने उत्सव में मौजूद गांव के अभिभावको से सरकारी स्कूल में बच्चों को पठन-पाठन के लिए भेजने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सेवानिवृत्त शिक्षक/प्रधान संतराम मौर्य ने कहा कि गांव में शिक्षा का बेहतर माहौल मुहैया कराने के लिए पूरी कोशिश की जा रही है। कार्यक्रम में बीईओ गोपाल मिश्र ने कहा कि पूर्व माध्यमिक विद्यालय में 54 व प्राथमिक विद्यालय नीबी में 40 बच्चों का नवीन सत्र में प्रवेश हुआ है।
पूरे बीआरसी क्षेत्र में नीबी गांव का विद्यालय पठन-पाठन के क्षेत्र में अव्वल है। कार्यक्रम में छात्रा रोशनी, अंशू ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत किया। प्रवेश उत्सव के दौरान विद्यालय के कक्षा पांच के छात्र आसिफ खान व कक्षा छह के छात्र गोपाल को बेहतर शिक्षण उपलब्धि के लिए एसडीएम ने सम्मानित किया। इस दौरान वरिष्ठ समन्वयक मनोज यादव, संकुल प्रभारी चंद्रभूषण यादव, अभिभावक रामू यादव, श्रीराम चौहान, भाजपा नेता योगेंद्र जायसवाल, सलीम अहमद, यूगुल किशोर, शिक्षक परमानंद, हाजरा खातून, रविंद्र सिंह, छाया गौतम, रंजना श्रीवास्तव, सुप्रिया राय, संतोष, गणेश यादव आदि मौजूद रहे।
प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालय परसिया में प्रधान मीरा देवी व प्रधान प्रतिनिधि सदानंद उपाध्याय की अध्यक्षता में प्रवेश उत्सव मनाया गया। इसमें गांव के लोगों को अपने बच्चों को विद्यालय में दाखिला करवाने और नियमित रुप से पठन-पाठन के लिए स्कूल भेजने के लिए अपील की गई। इस दौरान सीमा, हरिराम, रेनू, रेखा, अवधेश सिंह, एसएमसी अध्यक्ष घनश्याम गुप्ता, बैजनाथ, हिमांशु आदि मौजूद रहे।