- खेसरहा क्षेत्र के अलग-अलग गांव के हैं निवासी
संवाद न्यूज एजेंसी
खेसरहा। स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती से दूसरे गांव के प्रेमी युवक ने शादी रचा ली। दोनों में काफी दिनों से प्रेम-प्रसंग का मामला चल रहा था।
क्षेत्र के एक गांव में 25 अप्रैल की रात को प्रेमी युवक अपने प्रेमिका से मिलने उसके गांव पहुंच गया। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना किसी रिश्तेदारी में गई उसकी मां को दी। रात में ही युवती की मां अपने घर पहुंची और मौके पर उन दोनों को पकड़ थाने पर ले गई।
पुलिस के मुताबिक वहां लड़की ने युवक से शादी रचाने की बात कही। युवक का परिवार शादी करने से इन्कार करने लगा तो एक दिन बाद मामला दोबारा थाने पर पहुंचा। वहां किसी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई। दोनों गांव के कुछ लोगों के समझाने से युवक शादी करने को राजी हो गया। शनिवार देर शाम को शिव मंदिर पर दोनों की शादी रचाई गई। इससे युवक का परिवार काफी नाराज है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष रविंद्र सिंह ने कहा कि मामले की जानकारी है, लेकिन किसी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है।