एक्स-रे मशीन खराब होने से बढ़ी मरीजों की परेशानी
- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेवां में 25 दिन से खराब है एक्स-रे मशीन
- मशीन की मरम्मत नहीं होने से निजी सेंटर में जांच कराने को मजबूर हैं लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
भारतभारी। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के बेंवा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 25 दिन से एक्सरे मशीन खराब है। इससे मरीजों को परेशानी हो रही है। उन्हें मजबूरन निजी सेंटर में जांच कराना पड़ रहा है।
बेंवा सीएचसी में प्रतिदिन 20 से 25 मरीजों का एक्स-रे होता था। जब से मशीन खराब हुई है, तब से लोग निजी सेंटर में लगभग 400 रुपये खर्च करके एक्स-रे कराने को मजबूर हैं। वहीं, कई मरीज 50 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल में जांच कराने जा रहे हैं।
क्षेत्र के रामदास, मुनव्वर हुसैन, राधेश्याम, आकाश, नसीम शमीम का कहना है कि बेंवा अस्पताल में एक्सरे नहीं होने से दिक्कत बढ़ गई है। जिला मुख्यालय में जाने में कठिनाई होती है और खर्च भी होता है। इस कारण लोग स्थानीय सेंटर में ही जांच कराकर इलाज कराना मुनासिब समझते हैं।
इस संबंध में बेंवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक श्रवण तिवरी ने कहा कि एक्स-रे मशीन की मरम्मत के लिए उच्च अधिकारियों को जानकारी दी गई है। जल्द ही मरम्मत कार्य हो जाएगा।