न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बिस्कोहर में आईं फ्लू के मरीज को देखते डा. एससी शर्मा।
सिद्धार्थनगर। उमस भरी गर्मी में आई फ्लू के बढ़ते मरीजों को लेकर कुछ सावधानियां जरूरी है। ये बातें, रविवार को भनवापुर ब्लॉक क्षेत्र के पीएचसी बिजौरा में लगे मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेला में डॉ. हनुमंत लाल मिश्र ने कहीं। स्वास्थ्य मेला में बिजौरा व तरहर में 120 मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं दी गईं। वहीं तीन मरीजों को रेफर किया गया।
पीएचसी तरहर में डॉ. श्रेया चौधरी बताया कि बरसात के समय फंगल इन्फेक्शन, मलेरिया, टायफाइड के साथ वायरल फीवर के मरीजों का इजाफा हुआ है। सबसे अधिक आई फ्लू के मरीज आ रहे हैं, जिन्हें आई ड्राप के साथ ही खाने की दवाएं दी जा रही है।
बिजौरा में मौजूद डॉ. हनुमंत लाल मिश्र ने बताया कि अब तक 62 मरीजों में 22 आईफ्लू के मरीज आए है, जिन्हें आवश्यक दवाएं दी गई है। वहीं हड्डी व ह्रदय रोग के तीन मरीजों को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। इस दौरान रमेशचंद्र मिश्र, प्रिंस पांडेय, अश्वनी कुमार अग्रहरि, अंबुज श्रीवास्तव, अजय पांडेय, शत्रुघन निषाद आदि मौजूद रहे।
उधर, डुमरियागंज स्थित न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला में 16 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। जिसमें आठ मरीज आई फ्लू और मधुमेह रोग से संबंधित रहे। न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक आयोजित मुख्यमंत्री आरोप स्वास्थ्य मेला में डॉक्टर राम प्रजापति, डॉ. बीके सिंह ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवा और अच्छी सेहत के लिए परामर्श दिया। इस दौरान फार्मासिस्ट पवन श्रीवास्तव, एलटी वकार अहमद आदि मौजूद रहे। संवाद