संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। नेपाल सीमा पर इन दिनों 500 रुपये के नोटों के साथ तस्कर पकड़े जा रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने एक पखवारा के भीतर 12 लाख रुपये से अधिक की भारतीय मुद्रा पकड़ी है। बरामद नोट 500-500 रुपये के हैं।
नियमत: एक व्यक्ति एक साथ 25 हजार भारतीय रुपये लेकर जा सकता है। वह भी 100 रुपये और उससे कम के नोट। इस हेराफेरी की वजह नेपाली की तुलना में भारतीय मुद्रा का मजबूत होना बताया जा रहा है।
धंधेबाज नोट को सोना और अन्य धंधे में लगाते हैं। इससे उन्हें दोहरा फायदा हो रहा है। पहला उन्हें नेपाली रुपये अधिक मिल जा रहे हैं और दूसरा खरीदे गए सामान पर किसी प्रकार का टैक्स नहीं देना पड़ता है।
नेपाल के सूत्र बताते हैं कि ये नोट सोना, चरस की खरीद व कैसिनो में रुपये खपाए जा रहे हैं।
तस्करी के लिए बड़े नोटों का खेल : भारत-नेपाल के सभी बॉर्डर पर नोटों की तस्करी हो रही है। बड़े नोट को नेपाली तस्कर भारत लेकर आते हैं। उनके नोटों का बंडल बड़ा नहीं होता है।
खुनुवां बॉर्डर के एक दुकानदार ने बताया कि तस्करी में सारा खेल तो नोटों का ही है। धंधेबाज जब इशारा करते हैं तो नोटों की खेप पहुंच जाती है।
इसके बदले कैरियर को 100 रुपये मिलते हैं। कैरियर पर ही केस होता है। एक व्यक्ति ने कहा कि भारतीय सीमा पर भी नोट बदलने का खेल हो रहा है।
हाल में पकड़ी गई भारतीय मुद्रा : एसएसबी 43वीं वाहिनी सीमा चौकी खुनुवां की टीम ने 11 दिसंबर को 1.5 लाख रुपये के साथ एक युवक को पकड़ा।
उसने अपनी पहचान महताब अहमद निवासी मंगल भट्टा जनपद श्रावस्ती बताई। बरामद रुपये के बारे में जानकारी नहीं दे सका।
19 दिसंबर को एसएसबी 50वीं वाहिनी सीमा चौकी बढ़नी की टीम ने एक व्यक्ति के कब्जे से 9.95 लाख रुपये बरामद किए। उसने अपनी पहचान राजकुमार मुराव निवासी नेपाल बताई, लेकिन रुपये के बारे में जानकारी नहीं दे सका। 24 दिसंबर को एसएसबी अलीगढ़वा की टीम ने 1.20 लाख भारतीय मुद्रा के साथ नेपाली नागरिक को पकड़ा था। सभी से बरामद नोट 500-500 रुपये हैं।
कैसिनो में भी जा रहे रुपये : नेपाल के विश्वजीत थापा ने बताया कि हरियाणा, गुजरात, महाराष्ट्र के बड़े व्यापारियों को नेपाल से भारी मात्रा में सोने का बिस्कुट पहुंचाया जाता है। वहां से भारतीय मुद्रा नेपाल आती है। उसे नेपाल के चंद्रौटा, भैरहवा में कैसिनो के जरिए खपाया जाता है।
इसे नेपाल के बैंक के जरिए नेपाली मुद्रा में बदल दिया जा रहा है। कुछ लोग कैरियर के माध्यम से भारत व नेपाल में बने एक्सचेंज काउंटर से बदलवा लेते हैं। इसमें कमीशन तय रहता है। मुद्रा पार करने वाले एक दिन में लाखों रुपये कमा रहे हैं। एक्सचेंज काउंटर वालों की भी रोजाना लाखों रुपये की आय हो जाती है।
पवन कुमार
पवन कुमार