संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर। क्षेत्र के सीएचसी सिरसिया में सोमवार को अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र मणि ओझा की अगवाई में गर्भवतियों के लिए प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में 116 गर्भवतियों का पंजीकरण करते हुए चिकित्सकीय इलाज व परामर्श देते हुए 35 उच्च जोखिम युक्त गर्भवती महिलाओं का चिह्नीकरण किया गया। साथ ही 67 गर्भवती महिलाओं का निशुल्क अल्ट्रासाउंड की सुविधा दी गई।
जांच के दौरान नौ गर्भवती महिलाओं में खून की कमी पाए जाने के कारण आयरन सुक्रोज की डोज दी गई। अधीक्षक ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान उच्च रक्त चाप, फीट्स का बेड़ा होना, गंभीर एनिमिया, प्लेसेंटा का विकृत होने आदि उच्च जोखिम के लक्षण होता है। इस कार्यक्रम के माध्यम से गर्भावस्था के शुरुआती दिनों में ही उच्च जोखिम वाले खतरे के लक्षण को चिह्नित करते हुए चिकित्सीय इलाज व परामर्श देते हुए जच्चा और बच्चा को सुरक्षित किया जा सकता है। इस दौरान डाॅ. सिद्धार्थ जायसवाल, डॉ. सवीहा, प्रेम कुमार त्रिपाठी, रुपम पाठक, सविता मौर्या, अर्चना चौधरी, वर्षा सागर, रेखा पांडेय शामिल रहे।