बांसी। गोल्हौरा थाना क्षेत्र के नागापार गांव में पुरानी रंजिश और बच्चों के विवाद को लेकर एक व्यक्ति के घर में घुसकर मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने गांव के ही कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
नागापार निवासी अब्दुल कादिर ने आरोप लगाया कि विपक्षियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए वह अपने बच्चे के साथ घर में घुस गया, लेकिन हमलावर वहां भी पहुंच गए और उसे बुरी तरह पीट दिया। पीड़ित के अनुसार, हमले में उसके शरीर और आंख में गंभीर चोट आई है। आरोप है कि हमलावरों ने घर का सामान भी तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। पत्नी बचाने आई तो उसे और बच्चे को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया। जाते समय जान से मारने की धमकी भी दी।
थानाध्यक्ष गोल्हौरा रामदेव ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।