सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत बढ़नीचाफा में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता और पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह की उपस्थिति में चौपाल का आयोजन किया गया। डीएम ने कहा कि वरासत के प्रकरणों को समयांतर्गत निस्तारित कराए।
भूमि विवाद, पैमाइश आदि प्रकरण यदि है तो प्रार्थना-पत्र दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज सभी अधिकारी आपके ग्राम में आए हैं आप लोग अपनी समस्याओं के बारे में संबंधित विभाग के अधिकारी से संपर्क कर निराकरण करा लें।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को सभी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। पात्र लोगों का आयुष्मान कार्ड बनवाएं। शासन से निर्देश मिले हैं कि पहले से चल रही योजनाओं को और अधिक सुधार कर प्रभावी रूप से लागू किया जाए।
उन्होंने कहा कि यदि किसी को पेंशन से जुड़ी समस्या है, जैसे वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन या दिव्यांग पेंशन नहीं मिल रही है, तो वे तुरंत जानकारी दें। राशन वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाएं। इसके किसी भी प्रकार की हीलाहवाली करने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जन्म प्रमाण-पत्र, आय, जाति, निवास प्रमाण-पत्र का आवेदन निर्धारित समय में निस्तारित कराएं।
पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि नगर पंचायत बनने के बाद 1980 आवास लोगों को मिला है। केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार की ओर से योजनाओं का लाभ लोगों को दिया जा रहा है। सीडीओ बलराम सिंह ने कहा कि विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने विभाग की योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।