खेसरहा। बैलौहा बाजार की सूरत अतिक्रमण के चलते बिगड़ गई है। नियम-कानून को दरकिनार कर ठेले, रेहड़ी पटरी लगाने वाले लोग व टैक्सी चालक मनमाने तरीके से चौराहे पर अपना सिक्का जमाए हुए हैं। हालत यह हो गई है कि मुख्य बाजार की आधी सड़क गायब हो गई है और पटरी का तो कोई मतलब ही नहीं रह गया। बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारियों की नजर नहीं पड़ रही है। इसके चलते अतिक्रमणकारियों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
बेलौहा बाजार का चौराहा आवागमन की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है। बांसी से नंदौर, मेहदावल, खलीलाबाद व गोरखपुर जाने वाले लोगों के लिए आवागमन का यह प्रमुख मार्ग है। मार्ग से होकर लगभग एक दर्जन रोडवेज की बसें आती-जाती हैं। इसके अलावा काफी संख्या में भारी वाहन और आस-पास क्षेत्रीय लोग भी अपने छोटे-बड़े वाहनों के जरिए मार्ग से होकर गुजरते हैं। स्टेट हाइवे होने के वजह से गोरखपुर से बहराइच व बलरामपुर जिले तक के लिए ट्रकों का आवागमन भी इसी मार्ग से होता है।
प्रमुख बाजार पर नजर डालें तो यहां चहुंओर अतिक्रमण दिख जाएगा। सड़क के दोनों ओर ठेला व रेहड़ी-पटरी वाले बेतरतीब ढंग से अपना डेरा जमाए हुए हैं। टैक्सी वालों पर तो जैसे कोई अंकुश ही नहीं है, जहां जिसका मन किया सड़क के किनारों पर पार्किंग बना लिया है। पक्के दुकानदार भी इस मामले में किसी से पीछे नहीं हैं, अपनी दुकानों के सामने इस हद तक अतिक्रमण कर लिया है कि सड़क की पटरी लगभग खत्म हो गई है। हालात यह हो गई है कि बेलौहा बाजार कि चौड़ाई आधी रह गई है और उसी से होकर लोग आवागमन करने को मजबूर होते हैं। ब्लाॅक मुख्यालय, डिग्री कॉलेज व दो इंटर कॉलेज होने के नाते स्कूल आने-जाने के समय ट्रैफिक की हालत और भी खराब हो जाती है। सबसे खराब स्थिति शाम के समय हो जाती है जब लोग क्षेत्रीय लोग अपनी जरूरत की चीजों की खरीदारी के लिए बाजार पहुंचते हैं। भीड़ और अतिक्रमण के चलते यातायात की स्थिति बेहद दयनीय हो जाती है।
बेलौहा बाजार पूरी तरह से अतिक्रमण की चपेट में है, हालत यह हो गई कि लोगों का पैदल चलना दूभर हो गया है। इसके बावजूद अधिकारियों की नजर इस पर नहीं पड़ रही है।
अंकित पांडेय, स्थानीय निवासी
अतिक्रमण बाजार की बड़ी समस्या बनी हुई है। सड़क की दोनों पटरी पर ठेले और रेहड़ी वालों ने कब्जा कर रखा है। टैक्सी चालक भी मनमानी करते हैं, अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
बाल मुकुंद राय, स्थानीय निवासी
बेलौहा बाजार में अतिक्रमण को लेकर शिकायत मिली है, जल्द ही अभियान चलाकर सड़क से अतिक्रमणकारियों को हटाया जाएगा।
कुणाल, एसडीएम बांसी