सिद्धार्थनगर। नौगढ़ तहसील के दुल्हा सुमाली गांव के टोला ककरहवा कस्बा में रोडवेज बस अड्डा की दो बीघा भूमि पर कब्जा है। पैमाइश के बाद कब्जा खाली कराने के लिए नौ लोगों को दिए नोटिस के बाद भी अब तक रोडवेज भूमि कब्जामुक्त नहीं हो सकी है। इससे कस्बे में बस अड्डा बनने की उम्मीद लगाए बैठे लोग निराश हो गए हैं।
परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक के पत्र के क्रम में राजस्व टीम की ककरहवा कस्बा में रोडवेज भूमि की पैमाइश हुई थी। जिसमें बस अड्डा की भूमि 10 लोगों द्वारा कब्जा किए जाने का खुलासा हुआ था। राजस्व टीम ने संबंधित भूमि कब्जा किए जाने की रिपोर्ट भेज दी। राजस्व टीम ने ककरहवा स्थित रोडवेज बस अड्डा की गाटा संख्या 124 दो बीघा (0.280 हेक्टेयर) भूमि की पैमाइश की थी। राजस्व टीम ने आसपास के गाटा नंबर को चिन्हित कर पैमाइश की। पैमाइश में रोडवेज बस अड्डा भूमि का कुछ हिस्सा खाली भी पाया गया था। पैमाइश के बाद रोडवेज की तरफ से इन कब्जेदारों को भूमि खाली कराने के लिए नोटिस दी गई थी। लेकिन भूमि अभी कब्जामुक्त नहीं हो सकी है।
एसडीएम नौगढ़ डॉ. ललित कुमार मिश्र का कहना है कि राजस्व और रोडवेज की संयुक्त टीम की तरफ से भूमि का चिह्नांकन कर कब्जेदारों को नोटिस दी गई है। नोटिस के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो तहसील प्रशासन की तरफ से कब्जा हटाने की कार्रवाई की जाएगी।