भवानीगंज। डुमरियागंज ब्लॉक क्षेत्र की देईपार ग्राम पंचायत में मनरेगा कार्यों में कथित अनियमितता के मामले में भवानीगंज पुलिस ने रोजगार सेवक राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को पुलिस ने सरयू नहर पुल, भदरिया के पास से उसे पकड़ा। न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, डुमरियागंज ब्लॉक की देईपार ग्राम पंचायत में मनरेगा विकास कार्यों में कथित अनियमितता और वित्तीय गड़बड़ी की शिकायत जंगल प्रसाद उर्फ जगत राम ने की थी।
शिकायत की जांच लोकपाल टीम ने की, जिसमें आरोप सही पाए जाने के बाद ग्राम प्रधान सहित अन्य संबंधित लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस का कहना है कि मामले के अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। संवाद