विकास कार्यों में 6.45 लाख के गबन की पुष्टि
सिद्धार्थनगर। खेसरहा ब्लॉक की ग्राम पंचायत नासिरगंज में विकास कार्यों की जांच में 6,45,519 रुपये के गबन की पुष्टि हुई है। सीडीओ जयेंद्र कुमार के निर्देश पर डीपीआरओ आदर्श एवं बांसी ब्लॉक के कंसल्टिंग इंजीनियर शिवम सिंह ने जांच की। ग्राम पंचायत के 13 विकास कार्यों की जांच में सामने आया कि नाली, इंटरलाकिंग, स्कूल बाउंड्रीवाल व पेटिंग जैसे कार्य हुए ही नहीं, लेकिन उसका धन निकाल लिया गया।
ग्राम पंचायत नासिरगंज में 15वें वित्त एवं राज्य वित्त से कराए गए कार्यों की जांच हुई। इसमें उत्तर तलरी से कोडरहिया गडही तक नाली निर्माण में 2.60 लाख के गबन की पुष्टि हुई। इसी तरह रामबहोरे के घर से गड्ढे तक नाली निर्माण, आशीष पाठक के गेट से उनके घर के पीछे तक नाली निर्माण और बनवारी के घर से अली हुसैन के घर तक नाली मरम्मत कार्य में गबन साबित हुआ। ग्राम पंचायत के मिनी सचिवालय में बाउंड्रीवाल के उच्चीकरण व मरम्मत कार्य, मिनी सचिवालय में इंटरलाकिंग निर्माण कार्य और मुश्ताक के घर से पक्की सड़क तक इंटरलाकिंग कार्य में दो लाख रुपये से अधिक गबन की पुष्टि हुई। वहीं पूर्व माध्यमिक विद्यालय में मरम्मत और पेंटिंग कार्य में भी 40 हजार रुपये की धांधली पाई गई। साथ मिनी सचिवालय के शौचालय में फर्श पर टाइल्स लगाने में भी अनियमिता की पुष्टि हुई। डीपीआरओ आदर्श का कहना है कि गबन की गई धनराशि की संबंधित से वसूली करने के साथ ही अनियमिता के मामले में दोषी कर्मचारी के विरूद्ध विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।