शाम होते ही घरों और दुकानों में छा गया अंधेरा, पानी के टंकी भी हो गए खाली
शाम पांच बजे तक बिजली काटने का था निर्देश, छह बजे आई बिजली
अशोक मार्ग पर सड़क निमार्ण के लिए पेड़ की होनी थी कटाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। पूरे दिन बिजली गुल रहने से लगभग 10 हजार आबादी को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बिजली निगम ने पूर्व में सुबह छह बजे से शाम पांच बजे तक बिजली काटने की सूचना दी थी, लेकिन निर्धारित समय से एक घंटा देर से बिजली आने से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई।
शहर के अशोक मार्ग पर सड़क निमार्ण के लिए पेड़ की कटाई की जानी थी। इस कारण पूर्व में ही 11 घंटा बिजली बाधित रहने का बिजली निगम ने सूचना दी थी, लेकिन निर्धारित समय से एक घंटा देर से बिजली आने से बिजली उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई। शाम होते ही लोगों के घरों व दुकानों में अंधेरा छा गया। लोगाें का टंकी खाली होने से पानी के लिए भी जूझना पड़ा। आरओ का पानी समाप्त होने से लोग बोतल का पानी खरीद कर पीने पर मजबूर हो गए। शाम छह बजे बिजली आने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। जबकि बिजली निगम के अनुसार सुबह में निर्धारित बिजली कटौती के समय से तीन घंटा देर से बिजली काटी गई। है। इस संबंध में एक्सईएन ज्ञानप्रकाश ने बताया कि शहर में बिजली की कटौती कम की गई है। पेड़ काटने वाले देर से आए और उनकी संख्या कम थी, जिससे एक घंटा देर तक बिजली प्रभावित रही।