पथरा। क्षेत्र में सोमवार रात्रि आई तेज आंधी से कई स्थानों पर बिजली के तारों पर पेड़ गिर गए, जिससे तार और बिजली के खंभे टूट गए। आपूर्ति बाधित होने के बाद विभागीय कर्मचारी रात से ही युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य में जुटे रहे। करीब 18 घंटे बाद मंगलवार शाम लगभग चार बजे बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी, तब जाकर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली। बिजली गुल रहने से लोगों के घरों में लगी पानी की टंकियां खाली हो गईं और बिजली से चलने वाले सभी उपकरण बंद पड़े रहे। लंबे समय तक आपूर्ति ठप रहने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सप्लाई बहाल होने के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत महसूस की। क्षेत्र के रामनरेश, चंद्रभान, अलोक ने बताया कि बिजली न होने से लोगों को परेशान होना पड़ा। आपूर्ति बहाल होने के बाद राहत मिली।