सकारपार। बांसी कोतवाली क्षेत्र के मटियरिया गांव के टोला डीहवा में मंगलवार शाम को रास्ते के विवाद में दो पक्षों में आपस में जमकर ईंट-पत्थर चले। झगड़े में चार लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। सूचना पर पहुंची पीआरवी ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से 50 शैय्यायुक्त संयुक्त चिकित्सालय बांसी पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के मटियरिया गांव के टोला डीहवा में रामधनी पासवान और जयराम पासवान व रामजी पासवान के बीच रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। कई बार पीआरवी की गाड़ी और थाने की पुलिस दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने पहुंच चुकी थी, लेकिन विवाद सुलझ नहीं पा रहा है।
जानकारी के अनुसार, रामधनी और जयराम व रामजी अपने-अपने मकान का निर्माण करवा रहे थे। इस दौरान मंगलवार को दोनों पक्षों के बीच रास्ते को लेकर फिर विवाद शुरू हो गया। मामला आपस में नहीं निपटा तो मौके पर पीआरवी की गाड़ी पहुंची। जयराम और रामजी ने 12 फीट रास्ते की मांग की, जबकि प्रथम पक्ष रामधनी ने सहमत होकर 15 फीट रास्ता देने की बात कही ताकि भविष्य में विवाद खत्म हो जाए। उसके बाद पीआरवी की गाड़ी लौट गई। दोनों पक्ष रास्ता निकालने के लिए आपस में जमीन की पैमाइश करने लगे। लेकिन, विवाद फिर से शुरू हो गया। द्वितीय पक्ष का कहना था कि छह इंच जमीन आगे करके नापा जा रहा है। जबकि, प्रथम पक्ष रामधनी का कहना था कि हमारी वास्तविक जमीन जहां से है, वहीं नपाई की जा रही है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में आपस में सहमति नहीं बनी और बात- विवाद फिर से बढ़ने लगा।
लोगों के अनुसार, इसी दौरान द्वितीय पक्ष की तरफ से प्रथम पक्ष के लोगों के ऊपर ईंट-पत्थर प्रहार कर दिया गया। इसमें प्रथम पक्ष के रामधनी, रवि, सरिता पत्नी जोगिंदर और एक अन्य महिला बुरी तरह जख्मी हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ईंट-पत्थर इस कदर चल रहे थे कि बीच बचाव करने जाने की किसी के पास हिम्मत नहीं थी। इस संबंध में बांसी कोतवाल मृत्युंजय पाठक ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है। अभी किसी पक्ष की तरफ से शिकायती पत्र नहीं मिला है। शिकायती पत्र मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।