संवाद न्यूज एजेंसी
खुनुवां। नेपाल में लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान न करने वाले 21 हजार बड़े बकायेदारों का कनेक्शन काट दिया गया है। बार-बार चेतावनी देने के बाद भी बकाया बिल न जमा करने पर उक्त कार्रवाई नेपाल विद्युत प्राधिकरण ने की है।
नेपाल में बकाया बिजली शुल्क वसूलने के लिए प्राधिकरण, देशव्यापी अभियान चला रहा है। बिजली लाइन काटने के साथ ही अन्य उपभोक्ताओें से पांच करोड़ रुपये की वसूली भी की गई।
प्राधिकरण के कार्यकारी निदेशक कुलमन घीसिंग ने कहा कि त्योहार के बाद बकाया वसूली अभियान को और तेजी से चलाया जाएगा। नियमानुसार मीटर रीडिंग के 16वें दिन से अतिरिक्त शुल्क लगाने का प्रावधान है। 60 दिन तक बिल न जमा करने पर 25 प्रतिशत की दर से अतिरिक्त शुल्क वसूल कर लाइन काटने का प्रावधान है। कनेक्शन, कटने के छह माह बाद भी बकाया जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं को काली सूची में डाल दिया जाता है और वसूली प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाती है।