उसका बाजार। क्षेत्र के आजाद बाल विद्या मंदिर के पास शुक्रवार सुबह लगभग 11 बजे गोरखपुर-गाेंडा रेलखंड पर रेलवे ट्रैक पार करते समय राजमति (75) की ट्रेन के चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची और लाश का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त महिला बाजार जाने के लिए निकली थी। आसपास के लोगों ने ट्रैक पर उसे और ट्रेन आता देखकर आवाज लगा रहे थे लेकिन राजमति न तो ट्रेन की आवाज सुन पाई और न ही आसपास के लोगों की आवाज उसके कानों तक पहुंची, ऐसे में वह ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, उसका नगर पंचायत के घुघुतिया गांव निवासी राजमति (75) पत्नी धर्मराज सुबह में किसी काम से बाजार जा रही थी। वह गोरखपुर-गोंडा रेलखंड की रेलवे लाइन को पार कर रही थी। इसी बीच ट्रेन आ गई और वह उसकी चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि ट्रेन को आता हुआ देखकर आसपास के लोग राजमति को आवाज देकर रोकना चाह रहे थे लेकिन उसने किसी की आवाज नहीं सुनी और ट्रेन आने से अंजान रेलवे ट्रैक को पार करने के दौरान ट्रेन आ गई, जिसकी चपेट में आने से उसकी जान चली गई।
इस संबंध में एसओ उसका संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि सूचना पर जीआरपी और उसका बाजार की पुलिस पहुंची। शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।