सिद्धार्थनगर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के रमवापुर जगतराम गांव के पास रविवार को सुबह बालू लेकर जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली से सामने आ रहे बाइक सवार की टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक पर बैठी जैतुन्निशां (60) की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बालू लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में थाने लेकर चली गई।
जानकारी के अनुसार, बलरामपुर जनपद के उतरौला थाना के भरवलिया गांव निवासिनी जैतुन्निशां (60) पत्नी महफूजुर्रहमान बेटे के साथ बाइक से रविवार को सुबह करीब 10 बजे उतरौला अपने किसी काम से जा रहे थे। अभी दोनों त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के रमवापुर जगतराम गांव में पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे बालू लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली से बाइक जा टकराई।
इस टक्कर से पीछे बैठी जैतुन्निशां गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। लोगों के साथ इलाज के लिए बेटा उन्हें लेकर उतरौला जाने लगा लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना पर पहुंची त्रिलोकपुर पुलिस ने बालू लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में लेकर थाने चली गई। वहीं, मृतक महिला के शव को परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के अपने घर थाना कोतवाली उतरौला जनपद बलरामपुर के भरवलिया गांव ले गए, जहां उसको सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष त्रिलोकपुर हरे कृष्ण उपाध्याय ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी है, ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लिया गया है।